काशीपुर नगर निगम प्रशासन को काशीपुर के व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा पढ़े पूरी खबर…

Spread the love

काशीपुर मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम और प्रशासन की टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने दुकान बंद कर नगर निगम गेट पर प्रदर्शन कर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों के रोष को देखते हुए अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी और समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। गुरुवार की शाम नगर निगम के एमएनए विवेक राय, एसएनए यशवीर सिंह राठी और प्रशासन से एसडीएम अभय प्रताप सिंह जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंचे। जैसे ही टीम ने दुकानों के सामने से सामान उठाकर ट्रैक्टर ट्रॉली में रखना शुरू किया तो व्यापारियों की भीड़ एकत्र हो गई। देखते ही देखते व्यापारियों में भारी रोष उत्पन्न हो गया।

इस दौरान व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर बंद कर निगम और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। व्यापारियों ने निगम गेट पर प्रदर्शन भी किया। व्यापारियों के रोष को देखते हुए अधिकारी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बंद कर निगम कार्यालय पहुंच गए। इसके बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात सहानी के नेतृत्व में व्यापारी निगम सभागार में पहुंचे।

जहां व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात सहानी ने कहा कि व्यापारी कई सालों निगम को टैक्स और किराया दे रहे हैं। लेकिन व्यापारियों के लिए न तो पानी और न ही शौचालय की व्यवस्था है। पार्किंग की जगह नहीं होने के चलते व्यापारियों को अपने वाहनों की सुरक्षा के लिए दुकानों के आगे ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि निगम अपनी जमीन पर पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराकर व्यापारियों के पास बना दे। जिससे दुकानों के आगे वाहन नहीं खड़े होंगे। उन्होंने अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों के साथ बैठक कर इस समस्या के समाधान की मांग की। अधिकारियों ने भी अपना पक्ष रखते हुए व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहां पर तहसीलदार युसूफ अली, व्यापारी राजू सेठी, राजीव सेतिया, जतिन नरूला, अमन बाली, पवनीत सिंह, सिद्धांत चौहान, राकेश नरूला, पारस कपूर, जयप्रकाश अरोरा आदि मौजूद रहे।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *